'उत्तरकन्या' में खुलेंगे और सरकारी विभाग, सिलीगुड़ी फ्लाईओवर के उद्घाटन
कोलकाता। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को उत्तर बंगाल के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। सिलीगुड़ी-बर्धमान रोड फ्लाईओवर के भव्य उद्घाटन के अवसर पर उन्होंने कहा कि आम जनता की सुविधा के लिए आने वाले दिनों में उत्तर बंगाल के मिनी सचिवालय उत्तरकन्या में कई और प्रमुख सरकारी विभागों का कामकाज शुरू किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि स्थानीय लोगों को छोटे-बड़े प्रशासनिक कार्यों के लिए बार-बार कोलकाता के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री सोमवार सुबह उत्तर बंगाल पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने जलपाईगुड़ी में सिक्किम सुरंग हादसे में मारे गए 11 श्रमिकों के पीडि़त परिवारों से मिलकर आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरियां सौंपीं। इसके बाद उन्होंने सिलीगुड़ी के उत्तरकन्या में अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की और शाम को बहुप्रतीक्षित सिलीगुड़ी-बर्धमान रोड फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। समारोह में उत्तर बंगाल विकास मंत्री निशीथ प्रमाणिक और वित्त मंत्री स्वपन दाशगुप्ता सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। फीता काटने के बाद मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के साथ फ्लाईओवर पर पैदल चलकर निर्माण कार्य का जायजा भी लिया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के समय केंद्र और राज्य के बीच लगातार जारी टकराव के कारण उत्तर बंगाल का विकास बुरी तरह प्रभावित हुआ था। पूर्ववर्ती सरकार ने इस रणनीतिक क्षेत्र की अनदेखी की, लेकिन वर्तमान सरकार इसे राज्य के विकास की मुख्यधारा से जोडऩे के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद उत्तर बंगाल को विशेष प्राथमिकता दी गई है, जिसका प्रमाण यह है कि इस क्षेत्र से 10 मंत्रियों को सरकार में शामिल किया गया है।
शुभेंदु ने रेखांकित किया कि रणनीतिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील चिकन नेक इलाके को ध्यान में रखते हुए सिलीगुड़ी व आसपास के क्षेत्रों में विकास के साथ सुरक्षा ढांचा मजबूत किया जा रहा है। इस वर्ष के बजट में उत्तर बंगाल का आवंटन दोगुना किया गया है। इसके अलावा हासीमारा और बागडोगरा हवाई अड्डों के विस्तार के लिए भूमि आवंटन का काम तेजी से चल रहा है। सीएम ने दोहराया कि उत्तरकन्या में अतिरिक्त विभागों के संचालन से आम जनमानस के समय और धन दोनों की बचत होगी तथा प्रशासन सीधे जनता के द्वार तक पहुंचेगा।